उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र में एक महिला ने चार पैर वाले नवजात को जन्म दिया है। जिसे देख डॉक्टर्स भी हैरान हैं, लोग हैरत में पड़ गए हैं। कुछ लोग इसे कुदरत का करिश्मा मान रहे हैं तो कुछ का कहना है कि ये दैवीय शक्ति है। डॉक्टर ने बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। डॉक्टर अभी इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। उनका कहना है कि मेडिकल जांच के बाद ही पता चलेगा कि ऐसा कैसे हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के जिगिना गांव में भूलन निषाद अपनी पत्नी रम्भा (गुड़िया) के साथ रहते हैं। भूलन मजदूरी कर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। भूलन की गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा होने के बाद उन्हें सहजनवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।
शनिवार को भूलन की पत्नी ने स्वास्थ्य केंद्र में बच्चे को जन्म दिया, जिसके दो की जगह चार पैर और दो लिंग हैं। यह देखकर डॉक्टर भी आश्चर्यचकित रह गए। इस बात की जानकारी गांव वालों को मिलते ही बच्चे को देखने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भीड़ लग गई।
बता दें कि यूपी में यह पहला मामला नहीं है, करीब दो साल पहले आगरा के जय देवी हॉस्पिटल में एक जुड़वा बच्चे ने जन्म लिया था। इस बच्चे के चार हाथ चार पैर और जुड़े हुए दो सिर थे। आगरा के थाना हरीपर्वत इलाके में स्थित जय देवी हॉस्पिटल में सिरसागंज की रहने वाली मोहनी ने ऐसे बच्चे को जन्म दिया था। अस्पताल कर्मी और डॉक्टर के लिए ही नहीं बल्कि परिवार के लिए भी यह अनोखा बच्चा था।