मजदूर दिवस के अवसर पर विभिन्न श्रमिक संगठनों ने सोमवार को अपने हक और अधिकार के लिए आवाज बुलंद की। जुलूस निकाले, सभा की और सरकार की नीतियों पर हमला बोला। काम का समय निर्धारित करने, न्यूनतम वेतनमान दिलाने और श्रम कानूनों का पालन, सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के प्रदेश सचिव अजय मुखर्जी के नेतृत्व में मजदूर दिवस पर भदैनी से गोदौलिया तक जुलूस निकाला।
वहां आयोजित सभा में मुखर्जी ने मजदूर दिवस पर राष्ट्रीय अवकाश की मांग की। वहीं दूसरी ओर शाम को लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में विभिन्न श्रमिक संगठनों की ओर से भी सभा की गई।
भेलूपुर में जिला कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अरविंद मिश्रा एवं पदाधिकारियों की ओर से श्रमिकों का सम्मान किया गया। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन की ओर से स्टेशन परिसर में मशाल जुलूस निकाला गया।
विद्युत मजदूर संगठन और विद्युत संविदा मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों और संविदा कर्मचारियों के साथ भेदभाव पर नाराजगी जताई। मजदूर दिवस पर विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने मजदूरों की हिमायत की।
अटेवा पेंशन बचाओ मंच ने प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली के लिए उपवास रखा। सत्येंद्र कुमार राय ने कहा कि पुरानी पेंशन हम सभी का हक है और हम इसे हर हाल में लेकर रहेंगे।