कैंट क्षेत्र के लालपुर स्थित एक डिग्री कालेज के पीछे बागीचे में शुक्रवार को एक मजदूर युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसकी शिनाख्त चौबेपुर, जाल्हूपुर के मुस्तफाबाद निवासी पकौड़ीलाल (30) के रूप में हुई। पता चला कि वह किसी गंभीर बीमारी से पीडि़त था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिवारवालों के मुताबिक पकौड़ीलाल पिछले कई वर्षों से लालपुर क्षेत्र में कहीं रहकर मेहनत-मजूरी करता था। पिछले कुछ दिनों से वह किसी गंभीर बीमारी की चपेट में आ गया था और उसे लेकर मानसिक तौर पर भी वह काफी परेशान था।
शुक्रवार को बागीचे में फंदे से उसका शव लटका देख क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर कैंट विपिन राय ने मजदूर के बारे में जानकारी मिलने के बाद मुस्ताफाबाद स्थित उसके घर सूचना भिजवाई। मौके पर आए परिवार के लोगों ने उसकी शिनाख्त की।