कुवैत अग्निकांड में जान गंवाने वाले प्रवीण के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कुवैत अग्निकांड में जान गंवाने वाले प्रवीण का अंतिम संस्कार होने के बाद परिवार व आसपास के लोगों में मातम पसरा है। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही बात है कि भगवान ऐसे किसी के साथ न करे। घर में प्रवीण की पत्नी और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं रिश्तेदार व पड़ोसी ढ़ांढ़स बंधा रहे हैं। उन्हें सांत्वना देने के लिए किसी के पास कोई शब्द नहीं है।
प्रवीण की मौत की सूचना मिलने के बाद से ही उनकी पत्नी रूपा और मां मंजू सिंह की हालत बेसुधों जैसी है। प्रवीण की नौ वर्ष की बड़ी बेटी मनीषा और 10 माह की छोटी बेटी जान्हवी है। मनीषा को उसके पिता की मौत के बारे में पता नहीं है। वह घर आने-जाने वाले लोगों से यही पूछते दिखी कि मम्मी, दादी और बुआ रो क्यों रही हैं।
उधर, प्रवीण के पिता जय प्रकाश सिंह ने कहा कि बुढ़ापे में अब यही देखना बाकी रख गया था। फिर, उन्होंने खुद को संभालते हुए कहा कि अब प्रवीण की बच्चियां और बहू मेरी जिम्मेदारी हैं। पूरे परिवार को साथ लेकर आगे बढ़ना है।