यूपी के सोनभद्र जिले में ओबरा सी के निर्माण के दौरान अवैध रूप से मिट्टी निकालने के मामले में कोरियन कंपनी दोसान पावर सिस्टम इंडिया लिमिटेड पर गाज गिरी है। कंपनी पर एक करोड़ 17 लाख रुपये जमा करने की आरसी जारी हुई है।
साथ ही अधिशासी अभियंता को कंपनी से यह धनराशि जल्द खनिज कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में कंपनी को इसी मामले में नोटिस जारी किया गया था।
कोरिया की दोसान पावर सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ओबरा सी परियोजना का निर्माण करा रही है। विभाग को पता चला कि कंपनी ने बिना टेंडर के ही भारी मात्रा में मिट्टी निकाल लिया है।
खान विभाग के अफसरों ने टीम के साथ जांच की तो पता चला कि 3,98,406 घन मीटर अवैध रूप से मिट्टी निकाल कर इस्तेमाल किया गया है। विभाग ने पाया कि कंपनी के अफसरों और संबंधित ठेकेदारों ने 1,19,52,180 रुपये की रायल्टी चोरी की है।
रायल्टी के अलावा विभाग ने 5,97,60,900 रुपये खनिमुख जोड़ने के बाद कंपनी पर देनदारी तय की है।