वाराणसी। फू लों के सिंहासन पर विराजे श्याम प्रभु की झांकी देखकर भक्त निहाल हो उठे। लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ भवन खाटू श्याम में तब्दील हो गया। इसके साथ ही श्याम झूलनोत्सव का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। पूरे परिसर को गुलाब, चमेली, रजनीगंधा के फूलों और कामिनी की पत्तियों से से सजाया गया था। दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन देर रात तक भजनों की सरिता बहती रही। श्याम ज्योति के प्रज्जवलन के साथ ही झूलनोत्सव का उत्साह श्रद्धालुओं के मन में भी समा गया।
सांवरे की महफिल को सांवरे सजाता है...के साथ भजन गंगा की शुरुआत हुई। इसके बाद रात बाबा आज थाने आनो है, दादी दादी बोल दादी सुन ली आदि भजनों की प्रस्तुति पर सभी झूमते रहे। श्याम बाबा जोत तेरी जलती रहे, यह कीर्तन की है रात...पर श्रद्धालु भी अपने सुर में सुर मिलाते रहे। इस अवसर पर श्याम प्रभु को छप्पन भोग की झांकी सजाई गई थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महावीर प्रसाद बजाज, उमाशंकर अग्रवाल, रमेश कुमार चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथि राजेंद्र गोयनका, संजीव शाह रहे।