सूर्य भगवान महीने भर बृहस्पति के घर में विराजमान रहेंगे। 16 दिसंबर की भोर में धनु राशि पर जाते ही सूर्य का बृहस्पति के घर में प्रवेश हो जाएगा। इसी के साथ खरमास लग जाएगा। खरमास लगते ही विवाह के अलावा गृह प्रवेश, उपनयन संस्कार समेत अन्य शुभ कार्य स्थगित हो जाएंगे।
महीने भर बाद 14 जनवरी को भगवान भास्कर के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही खरमास समाप्त होगा। 16 दिसंबर की सुबह 6.05 बजे भगवान सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे। धनु और मीन राशियां दोनों वृहस्पति का घर मानी जाती हैं। जब-जब सूर्य इन राशियों में प्रवेश करते हैं, खरमास आरंभ हो जाता है।
इस बार सूर्य धनु राशि वाले अपने घर में महीने भर रहेंगे। शुक्रवार को सूर्य के इस नए स्थान पर जाने के साथ ही खरमास लग जाएगा। इस दौरान शादियों के लिए खरीददारी या शुभ कार्यों के लिए इंतजाम भी स्थगित रहेंगे।
ज्योतिषाचार्य डॉ. रामेश्वर नाथ ओझा के मुताबिक 14 जनवरी को सूर्य मकर राशि पर प्रवेश करेंगे। इसी के साथ सूर्य उत्तरायण हो जाएंगे। भगवान सूर्य के उत्तरायण होने के साथ ही शुभ कार्यों की घड़ी आरंभ होगी।