किराएदार रखना हो तो बाकायदा जांच-पड़ताल और पुलिस से सत्यापन कराकर ही रखें। जो किराएदार पहले से रह रहे हों उनके बारे में खुद पता करें और उनके धंधे, वाहन, मोबाइल नंबर आदि का ब्योरा लेकर पुलिस से उसका सत्यापन कराएं। इसके लिए पुलिस नागरिक सुरक्षा के वालंटियरों के साथ घर-घर किराएदारों के सत्यापन की मुहिम रविवार की शाम से एसएसपी जोगेंद्र कुमार और सीओ कैंट विनोद कुमार सिंह की अगुवाई में कैंट क्षेत्र से शुरू की गई। रात करीब नौ बजे तक चले अभियान में करीब पांच सौ घरों का सत्यापन किया गया।
शाम करीब पांच बजे किराएदारों के सत्यापन की कार्रवाई कैंट क्षेत्र के नई बस्ती से शुरू की गई। अभियान में नई बस्ती के साथ ही बघवानाला और कोईराना बस्ती में घर-घर किराएदारों का सत्यापन किया गया। हर मकान मालिक से सात बिंदुओं पर किराएदारों का ब्योरा फार्म भरवाया गया। पुलिस का साफ कहना है कि यदि सत्यापन के बाद किसी मोहल्ले में संदिग्ध या अपराधी प्रवृत्ति का किराएदार पकड़ा गया तो संबंधित मकान मालिक को साजिशकर्ता तथा शरण देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जेल भेजेगी।
किराएदारों का सत्यापन करने में पुलिस मकान मालिकों का पूरा सहयोग करेगी। सत्यापन कराने के लिए मकान मालिक सीओ आफिस में आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद निर्धारित बिन्दुओं पर पुलिस किराएदारों का सत्यापन करेगी। यह मुहिम लगातार चलेगी। इसमें यदि किसी मकान मालिक को कोई दिक्कत महसूस हो तो वे मुझसे शिकायत दर्ज कर सकते हैं। - विनोद कुमार सिंह, सीओ कैंट