वाराणसी। संगीत एवं मंच कला संकाय बीएचयू के नृत्य विभाग की ओर से बुधवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय कथक कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। पंडित ओंकार नाथ ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को पुणे से आईं नृत्यांगना रोशन दावे ने कथक नृत्य की बारीकियों से रूबरू कराया। वहीं छात्राओं ने अपने मनमोहक कथक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध छात्राओं ने
अलग-अलग तिहाई, तोड़ा की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। कार्यशाला में शामिल 70 छात्र-छात्राओं को तीन सत्रों में नृत्य के विभिन्न पक्षों की जानकारी दी गई। पहले सत्र में नृत्य, दूसरे में अभिनय और तीसरे में शास्त्र पक्ष की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्घाटन संकाय प्रमुख प्रो. सरयू के सोनी ने किया। स्वागत डॉ. विधि नागर और धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष प्रेमचंद होम्बल ने किया।