भोले की नगरी काशी भक्ति भाव के अनूठे रंग में रंगने लगी है। काशी की सड़कों से लेकर गलियों तक जल्द ही बोल बम के जयकारे गूंजने लगेंगे। सावन 20 जुलाई से शुरू होगा। इससे पहले ही काशी केसरिया रंग में रंग जाएगी। फिलहाल चितरंजन पार्क और सिंधी धर्मशाला में शिविरों के निर्माण का काम अंतिम दौर में है। इस बार पहले सावन सोमवार पर बाबा के जलाभिषेक के लिए 13 से 15 लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान है। शहर के शिविरों में भक्तों के ठहरने, खाने के अलावा चिकित्सा का भी प्रबंध होगा।
सोमवार को पश्चिम बंगाल के अलावा एमपी और बिहार से सैकड़ों बोल बम भक्तों ने गंगा स्नान के बाद बाबा का जलाभिषेक किया। सावन का पहला सोमवार 25 जुलाई को पड़ रहा है। ऐसे में पहले जलाभिषेक के लिए 24 जुलाई की रात रविवार को ही काशी में कांवरियों और आम भक्तों का तांता लग जाएगा। चितरंजन पार्क में शिव शक्ति कांवरिया भक्त तीर्थयात्री सेवा समिति की ओर से शिविर लगाने का काम अंतिम दौर में है। इस शिविर में करीब दो लाख से अधिक भक्तों के ठहरने, खाने की व्यवस्था की जाएगी। लक्सा स्थित सिंधी धर्मशाला में बाबा काशी विश्वनाथ कांवरिया सेवा समिति के शिविर के निर्माण का काम भी लगभग पूरा हो गया है। इस समिति के उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि 24 घंटे खाने, नाश्ते के अलावा चिकित्सा की सुविधा मिलेगी। इसी तरह रथयात्रा पर काशी कांवरिया शिविर के लिए टेंट लगने शुरू हो गए। इस शिविर के संचालक गोपाल सिंह ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को भंडारा चलेगा। एक लाख से अधिक भक्तों के खाने का इंतजाम किया गया है। उधर, दशाश्वमेध से गिरजाघर, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, बुलानाला तक बैरिकेडिंग करा ली गई है।
शहर की खराब सड़कों और संबंधित विभागों की लापरवाही पर जिलाधिकारी विजय किरन आंनद सोमवार को भड़क गए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और नगर निगम के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई और निर्देश दिया कि एक सप्ताह में शहर और हाईवे की खराब सड़कों के गड्ढे एक सप्ताह में पाट दिए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि इसमें लापरवाही हुई तो ठेकेदार को जेल भेजा जाएगा और संबंधित विभागों के अभियंताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जिलाधिकारी सोमवार को रायफल क्लब में 20 जुलाई से शुरू हो रहे सावन मेले के मद्देनजर सड़कों की तैयारियों का जायजा ले रहे थे। बता दें अमर उजाला ने सोमवार के अंक में शहर के प्रमुख मार्गों की बदहाली की खबर प्रकाशित की थी। शहर के मंडुवाडीह से महमूरगंज, कमच्छा, पांडेयपुर, घौसाबाद की सड़कें काफी खराब हो चुकी है। पांडेयपुर और मंडुवाडीह में बन रहे रेलवे ओवर ब्रिज की सर्विस रोड गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। डीएम ने बैठक में अधिकारियों को चेताया कि सावन में दूर-दराज से आने वाले कांवरियों को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। कांवरियों के जो भी मार्ग खराब हैं उसे समय रहते ठीक करा लिया जाए।