शिव दर्शन को जाते फक्कड़ श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
काशी खंडोक्त द्वादश ज्योर्तिलिंग प्रदक्षिण दर्शन-पूजन यात्रा 28 जुलाई को केदारघाट से शुरू होगी। केदारेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन कर संकल्प यात्रा का शुभारंभ स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद कराएंगे।
इस यात्रा में भक्त हनुमानघाट, शिवाला, बैजनत्था, सिगरा, रामकुंड, हौजकटोरा, दारानगर, कोयला बाजार, पटनी टोला, नेपाली खपड़ा, मानमंदिर, विश्वनाथ गली में स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग के दर्शन के उपरांत ज्ञानवापी कूप के पास जितेंद्र नाथ व्यास के यहां संकल्प छोड़कर समाप्त होगी।
यह जानकारी यात्रा संचालक उमाशंकर गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि काशी में यह यात्रा 1972 से अनवरत चल रही है। इस निशुल्क यात्रा में कोई भी भक्त हिस्सा लेकर पुण्य का भागी बन सकता है। वेदव्यास जी ने भी लिखा है कि जो भक्तजन काशी के बाहर जाकर द्वादश ज्यार्तिलिंग के दर्शन-पूजन करते हैं, उससे दस गुना अधिक लाभ काशी में दर्शन-पूजन करने से होता है।