काशी विश्वनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को देव दीपावली से विशेष सुविधाएं मिलेंगी। श्रद्धालुओं के लिए लॉकर सुविधा के साथ ही महिलाओं और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। गेट नंबर चार को चौड़ा कर श्रद्धालुओं के लिए खोलने की भी तैयारी है। सभी सुविधाओं का लोकार्पण आज देव दीपावली के मौके पर काशी आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
काशी विश्वनाथ मंदिर विस्तारीकरण योजना के तहत सरस्वती फाटक के पास तैयार बहुमंजिला भवन 23 नवंबर से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें डॉरमेट्री के अलावा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग टॉयलेट के साथ ही लॉकर की व्यवस्था की गई है। छोटे बच्चों की फीडिंग कराने और डायपर बदलने की व्यवस्था होगी।
दिव्यांगों की ट्राइसाइकिल भवन के अंदर जाने के लिए रैंप की व्यवस्था होगी। इसके अलावा सात फीट के गेट नंबर चार को 20 फीट किया जा रहा है। यही नहीं, दूरदराज से बाबा के दर्शन के लिए आने वालों को सुविधा पूर्वक पूजा कराने के लिए पूर्व सैनिकों को तैनात किया जा रहा है। इसमें महिला और पुरुष श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराएंगे। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती फाटक पर आधुनिक हेल्प डेस्क बनाया गया है। देव दीपावली से इसे शुरू किया जाएगा।