काशी विश्वनाथ के मंदिर का शिखर (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : amar ujala
वाराणसी के बाबा काशी विश्वनाथ के मंदिर के विस्तारीकरण का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके साथ ही 25 हजार वर्ग मीटर में बनने वाले काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का क्षेत्रफल 15 हजार वर्ग मीटर और बढ़ गया है। इससे कॉरिडोर का कुल क्षेत्रफल 39, 310 वर्ग मीटर हो गया है।
अतिरिक्त खरीदे गए भवन गिराने का कार्य भी शुरू हो गया है। इस पूरे कॉरिडोर की प्रगति रिपोर्ट दो दिन पहले काशी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दिखाई गई थी। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर मणिकर्णिका घाट और मीर घाट से लेकर मंदिर तक बनने वाले कॉरिडोर का क्षेत्रफल शुरुआत में 25 हजार वर्ग मीटर था।
इसके लिए भवनों की खरीद शुरू हुई तो कई अन्य लोग स्वेच्छा से कॉरिडोर के लिए अपने घर बेचने पर सहमत हो गए। वहीं, छत्ता द्वार के पास प्रवेश द्वार के चौड़ीकरण के लिए मंदिर प्रशासन ने कई घरों का नया प्रस्ताव तैयार कराया।
जब सभी खरीदे गए भवनों का सीमांकन कराया गया तो कॉरिडोर का वास्तविक क्षेत्रफल 39,310 वर्ग मीटर तक पहुंच गया। अब इस दायरे में आने वाले भवनों को गिराने का काम किया जा रहा है। एसडीएम विनोद सिंह ने बताया कि नए भवन खरीदे जाने के बाद दायरा बढ़ गया है।