श्री काशी विश्वनाथ धाम में चल रहा निमार्ण कार्य।
- फोटो : अमर उजाला
श्री काशी विश्वनाथ धाम के तहत गंगा घाट पर चल रहे काम की गति थोड़ी सुस्त हो गई है। गंगा के जलस्तर में अचानक हो रही बढ़ोतरी के कारण घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों को रोकना पड़ा है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बुधवार को काशी विश्वनाथ धाम के कार्यों की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने बताया कि धाम का काम अपने निर्धारित लक्ष्य से तीन फीसदी पीछे चल रहा है।
मंडलायुक्त ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम का 55 फीसदी से अधिक काम पूर्ण हो चुका है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण घाट पर होने वाले कार्यों को फिलहाल रोकना पड़ रहा है। हर साल जुलाई में गंगा का जलस्तर बढ़ता था लेकिन इस बार जून के प्रथम सप्ताह से ही जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। इसके कारण ललिता व जलासेन घाट पर चल रहे निर्माण कार्य की गति सुस्त हो गई है।
वहीं, राजस्थान में लॉकडाउन व पश्चिम बंगाल में चुनाव के कारण काफी संख्या में मजदूर वापस चले गए थे। काशी विश्वनाथ धाम में 12 सौ मजदूरों से काम कराने का लक्ष्य रखा गया है हालांकि वर्तमान में एक हजार मजदूर कार्य कर रहे हैं। संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद मजदूरों का आना भी शुरू हो चुका है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में मार्बल लगाने का काम चल रहा है। काशी विश्वनाथ धाम का काम 15 नवंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा।