श्री काशी विश्वनाथ धाम
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता व भव्यता लोगों को आकर्षित कर रही है, किंतु धाम के भवनों का संचालन शुरू नहीं होने से श्रद्धालु केवल बाबा का दर्शन करके ही लौट रहे हैं। धाम में बने इंपोरियम, वाराणसी गैलरी, सिटी म्यूजियम, मुमुक्षु भवन व आध्यात्मिक पुस्तक केंद्र के संचालन के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट विकास क्षेत्र परिषद की ओर से कंपनी के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
पीएम के आगमन पर गीता प्रेस की ओर से केंद्र संचालन के लिए प्रस्तुतिकरण किया जा चुका है। सिटी म्यूजियम के लिए भी नई दिल्ली की कंपनी वर्चुअली थ्रीडी से श्रीकाशी विश्वनाथ का दर्शन करा चुकी है।
विश्वनाथ कॉरिडोर में बनाए गए तीन-तीन सौ सीटों की क्षमता वाले दो मंजिला कन्वेंशन सेंटर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आम लोग भी कुछ शुल्क जमा करके बुक करा सकते हैं। पूरी तरह से वातानुकूलित कन्वेंशन सेंटर में आने वाले कलाकार और अतिथियों को नया अहसास होगा। इसके साथ ही काशी के कलाकारों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए नया मंच भी मिल जाएगा।