kashi Vishwanath Dham: वाराणसी में पीएम मोदी ने किया गंगा स्नान
- फोटो : अमर उजाला
देश की धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी कही जाने वाली शिव की नगरी काशी के साथ आज नया कीर्तिमान स्थापित हो रहा है। आजादी के सात दशक बाद काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार का जो सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देखा था वह आज पूरा हो रहा है। अब से थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी इसे देश को समर्पित करेंगे। उनका आगमन काशी विश्वनाथ धाम में हो चुका है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने काशी के कोतवाल के दरबार में हाजिरी लगाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काशी पहुंचकर अभिभूत हूं। उन्होंने ट्वीट किया- 'काशी पहुंचकर अभिभूत हूँ। कुछ देर बाद ही हम सभी काशी विश्वनाथ धाम परियोजना के लोकार्पण के साक्षी बनेंगे। इस से पहले मैंने काशी के कोतवाल काल भैरव जी के दर्शन किए।'
एक अन्य ट्वीट में पीएम ने लिखा- 'मां गंगा की गोद में उनके स्नेह ने कृतार्थ कर दिया। ऐसा लगा जैसे माँ गंगा की कलकल करती लहरें विश्वनाथ धाम के लिए आशीर्वाद दे रही हैं। हर हर महादेव। हर हर गंगे।'
वाराणसी में पीएम मोदी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब काल भैरव मंदिर से दर्शन करके राजघाट की ओर बढ़े तो विशेश्वरगंज से लेकर राजघाट तक सड़क के दोनों छोर पर खड़े लोगों ने जय श्री राम का नारा लगा कर पीएम मोदी और सीएम योगी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी भी कार के अंदर से सबका अभिवादन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही सड़क पर लगे बैरियर के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों की भारी भीड़ लगी रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब सड़क मार्ग से शहर की ओर बढ़े तो पूरा माहौल एक जलसे जैसा बन गया। अपने सांसद को देख काशीवासियों ने हर-हर महादेव और जय श्रीराम का गगनभेदी जयघोष शुरू किया तो वह राजघाट तक चलता रहा।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: 700 करोड़ की लागत से 33 महीने में हुआ तैयार, यहां जानें इसके बारे में सब कुछ
12 राज्यों के मुख्यमंत्री बनेंगे लोकार्पण के साक्षी
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण के बाद काशी की शिव दीपावली के साक्षी 12 राज्यों के मुख्यमंत्री भी बनेंगे। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की भी मौजूदगी होगी। ऐसा पहली बार हो रहा है जब बनारस में बारह राज्यों के मुख्यमंत्री किसी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। शहर के तारांकित होटलों में मुख्यमंत्री ठहरे हुए हैं। मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा के लिए लाइजनिंग अफसर नियुक्त किए गए हैं।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण: संकल्प से सिद्धि का संदेश, भविष्य के समीकरण साधेंगे पीएम मोदी
धाम के लोकार्पण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री विप्लव देव, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वा शर्मा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अरुणांचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन विशेन सिंह मौजूद रहेंगे।