पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश।
- फोटो : सोशल मीडिया।
प्रधानमंत्री की फ्लीट में शामिल होने वाली गाड़ियां भी शनिवार को पुलिस लाइन में पहुंच गई। 13 दिसंबर को वैवाहिक लग्न भी तेज है। ऐसे में शाम के समय गंगा आरती देखने के बाद प्रधानमंत्री जब बरेका गेस्ट हाउस पहुंच जाएं तब बरात निकाली जाए। इसकी अपील पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने की है।
उन्होंने बताया कि दुकानें और बाजार सभी खुले रहेंगे। हालांकि बैरिकेडिंग के अंदर ही लोगों को रहना होगा। वहीं पीएम की फ्लीट जब गुजरेगी तो छतों से पुष्पवर्षा करने पर पूरी तरह से मनाही रहेगी।
काशी विश्वनाथ धाम में एसपीजी की टीम
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार की सुबह 10 बजे एसपीजी टीम एयरपोर्ट पहुंची और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए एयरपोर्ट व स्थानीय प्रशासन सहित सीआईएसएफ संग बैठक की। एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग के साथ रनवे पर 200 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सहित सतर्कता व चेकिंग बढ़ाने को कहा गया है। एयरपोर्ट पर बनने वाले एंट्री पास पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण: मुमताज अली द्वारा तैयार विशेष अंगवस्त्र से होगा पीएम मोदी का अभिनंदन, देखें तस्वीरें
कैंट रेलवे स्टेशन पर पहले और दूसरे प्रवेश द्वार पर सादी वर्दी में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। जीआरपी सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पीएम के आगमन को लेकर 93 और पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। इसमें दो इंस्पेक्टर, 10 दारोगा, 75 पुरुष आरक्षी, छह महिला आरक्षियों को रविवार दोपहर 12 बजे से तैनात किया जाएगा। 14 दिसंबर तक कुल 197 पुलिसकर्मी स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
बरेका का प्रशासनिक भवन
- फोटो : अमर उजाला
बरेका प्रशासनिक भवन के कीर्ति कक्ष और सिनेमा हॉल को मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशासनिक भवन के पिछले हिस्से में मुख्यमंत्रियों के खाने पीने की व्यवस्था की जा रही है। सफाई के लिए गेस्ट हाउस में 50 सफाई कर्मियों की बराबर ड्यूटी लगाई गई है। संवाद
ऑफिसर्स गेस्ट हाउस को एसपीजी ने कब्जे में लिया
बरेका में आफिसर्स गेस्ट हाउस में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठहरेंगे। जिस कमरे में प्रधानमंत्री ठहरेंगे उसमें लाइट, बेड, बिस्तर बेहतर और फर्श पर नई कालीन भी बिछाई गई हैं। बरेका स्थित रेलवे स्टेडियम में प्रधानमंत्री के हेलिकाप्टर उतरने के लिए तीन हेलीपैड बनकर तैयार हैं।
पुलिस कमिश्नरेट ने विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग का निर्धारण किया है। इन सभी पार्किंगों को छह नंबरों में बांटा गया है। इनमें से पार्किंग एक और दो में सुबह 9.30 बजे तक ही वाहनों को खड़ा करने की अनुमति होगी। पार्किंग नंबर एक टाउन हाले में खडे़ पास लगे वाहनों को ही गोदौलिया से मैदागिन जाने की अनुमति होगी।
वहीं पार्किंग नंबर दो बेनियाबाग पार्किंग से पास वाले वाहनों को गोदौलिया चौराहे पर लोगों को उतारकर वापस बेनिया पार्किंग के लिए जाएंगे। वहीं विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों जिनमें बाबतपुर, गिलट बाजार से होते हुए चौकाघाट की ओर से आने वाले वाहनों को लहुराबीर होते हुए बेनिया बाग पार्किंग में व्यवस्था की गई है।
पड़ाव, कज्जाकपुरा, गोलगड्डा कालभैरव मंदिर की ओर से मैदागिन आने वाले वाहनों को टाउनहाल पार्किंग, कंपनी बाग, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज और पीली कोठी नेशनल इंटर कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज से चांदपुर, चौकाघाट, लहुराबीर होते हुए मौदागिन पहुंचने वाले वाहनों के लिए टाउन हाल पार्किंग, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज और कंपनीबाग में व्यवस्था की गई है।
पढ़ेंः वाराणसी आ रहे पीएम मोदी: 13-14 दिसंबर को घर से निकलें तो रूट डायवर्जन देख लें, ऐसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था