गंगाद्वार की सीढ़ियां श्रद्धालुओं से पटी रहीं। गेट नंबर चार से लेकर विश्वनाथ गली तक भक्तों की लंबी कतारें लगी थीं। मंदिर के सभी द्वारों से श्रद्धालु दर्शन के लिए प्रवेश कर रहे थे। सड़क से गर्भगृह तक की गई बैरिकेडिंग के सहारे भक्त धाम तक पहुंच रहे थे।
हर-हर महादेव के जयघोष के साथ श्रद्धालु बाबा के झांकी दर्शन कर रहे थे। वीआईपी, प्रोटोकॉल और स्पर्श दर्शन फिलहाल बंद हैं। बाबा के खजाने के अलावा भक्त ऑनलाइन ऐप के माध्यम से भी दान कर रहे हैं।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि बुधवार से तीन जनवरी तक भीड़ और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।