इसके साथ ही खानपान, ट्रांसपोर्ट और अन्य कारोबार का सेक्टर भी बम-बम बोल रहा है। बनारस होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा ने बताया कि जैसा माहौल देव दीपावली पर होता है, उससे कहीं ज्यादा काशी शिवमय हो चुकी है।
दूर-दूर के लोग काशी आ रहे हैं। इस माह तक होटलों की बुकिंग फुल चल रही है। ऐतिहासिक कार्य होने जा रहा है। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि लोकार्पण उत्सव से पर्यटन उद्योग बम-बम हो गया है। लोग आ रहे हैं तो हस्तशिल्प उत्पादों की भी खरीददारी कर रहे हैं।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम का काम पूरा: 33 महीने बाद थमा मशीनों का शोर, 13 को पीएम करेंगे लोकार्पण, जानें खास बातें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण से पहले रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वाराणसी आएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर बाद जबकि भाजपा अध्यक्ष सायंकाल पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण सहित चौबेपुर में स्वर्वेद महामंदिर के कार्यक्रम का सीएम योगी जायजा लेंगे।
अब मुख्यमंत्री पीएम के काशी प्रवास तक वाराणसी में रहेंगे। रविवार शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वाराणसी आएंगे और विश्वनाथ धाम के लोकार्पण कार्यक्रम के बाबत वरिष्ठ पदाधिकारियों संग तैयारियों पर चर्चा करेंगे। 13 और 14 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रविवार को ही केंद्रीय मंत्री व भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर भी वाराणसी पहुंच जाएंगे।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को कुछ ही घंटे बचे हुए हैं। तैयारी अंतिम दौर में है। 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर काशीवासियों में उत्साह है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए घाटों पर देव दीपावली की तरह दीये जलाए जाएंगे।
लेजर लाइट शो के साथ वाराणसी के सभी मंदिरों और सरकारी व प्राइवेट बिल्डिंग को सजा दिया जाएगा। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन अवसर पर वाराणसी के अलावा देश विदेश के विद्वान और साधु - संतों को काशी में आने का न्योता भेजा गया है।
इस दौरान पीएम मोदी के साथ कुल 4000 लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन के लाइव प्रसारण के लिए चैनलों के अलावा धार्मिक स्थलों, चौराहों पर टीवी स्क्रीन के माध्यम से कराया जाएगा। जिससे जो लोग मौके पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन सकें ।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: गंगा जल लेकर पैदल ही गर्भगृह तक पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, बाबा के साथ काशी के सभी शिवालयों में होगा अभिषेक