गंगा से शिव का एकाकार करा रहे काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण आज(सोमवार को) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। काशी विश्वनाथ धाम शनिवार को 33 महीने मशीनों का शोर थमने के साथ ही शांत वातावरण में फूलों से महकने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को मां गंगा को साक्षी मानकर 54 हजार वर्गमीटर में बनकर तैयार काशी विश्वनाथ धाम को विश्व को समर्पित करेंगे।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण: मुमताज अली के तैयार किए विशेष अंगवस्त्र से होगा पीएम मोदी का अभिनंदन, देखें तस्वीरें
काशी विश्वनाथ धाम के मणिमाला के मंदिरों में वेद मंत्रोच्चारण के बीच देवविग्रह और शिवलिंगों को मंदिरों में विधि विधान से स्थापित किया गया। काशी और दक्षिण भारत के विद्वानों के आचार्यत्व में 22 देवमूर्तियों को स्थापित किया गया। पुन: प्रतिष्ठा विधि की पूर्णाहुति में चारों वेदों का पारायण हुआ।
काशी विश्वनाथ धाम में महामंडलेश्वर 108 आशुतोष प्रखर महाराज एवं संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजाराम शुक्ल की उपस्थिति में देव विग्रह व शिवलिंग अपने स्थान पर पुनर्स्थापित हुए। सांग्वेद विद्यालय एवं गीर्वाणवाग्वर्धिनी सभा की देखरेख में वेदमूर्ति अरुण दीक्षित के आचार्यत्व में पं. विश्वेश्वर शास्त्री द्राविड़ एवं गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ के मार्गदर्शन में हेमंत मोघे ने 22 देवताओं की पुन:स्थापना की।
इस दौरान के वेंकट रमण घनपाठी, माधव जनार्दन रटाटे, चंद्रशेखर द्राविड़, मदनकृष्ण नागर, जयकृष्ण दीक्षित, सुनील दीक्षित, दत्तात्रेय नारायण रटाटे, अरुण कुमार झा, श्री निवास पुराणिक, कृष्णगोपा शर्मा, राजराजेश्वर द्राविड़, वेंकटेश्वर द्राविड़ मौजूद रहे। कार्यक्रम के यजमान अपर कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र रहे।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ कॉरिडोर: पीएम के धाम में प्रवेश करते ही मंत्रोच्चार से गूंजेगा बनारस, घाट से गर्भगृह तक संत करेंगे रुद्री पाठ
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के अवसर पर काशीवासियों में उत्साह है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए घाटों पर देव दीपावली की तरह दीये जलाए जाएंगे। लेजर लाइट शो के साथ वाराणसी के सभी मंदिरों और सरकारी व प्राइवेट बिल्डिंग को सजाया गया है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन अवसर पर वाराणसी के अलावा देश विदेश के विद्वान और साधु-संतों को काशी में आने का न्योता भेजा गया है।
इस दौरान पीएम मोदी के साथ कुल 4000 लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के लाइव प्रसारण के लिए चैनलों के अलावा धार्मिक स्थलों, चौराहों पर टीवी स्क्रीन के माध्यम से कराया जाएगा। जिससे जो लोग मौके पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन सकें।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम का काम पूरा: 33 महीने बाद थमा मशीनों का शोर, 13 को पीएम करेंगे लोकार्पण, जानें खास बातें
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को लेकर भाजपा की ओर से भी तैयारी पूरी कर ली गई है। 13 दिसंबर को लोकार्पण के बाद एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण यूपी में 27 जगहों और पूरे देश में 51 जगहों पर किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि लोकार्पण समारोह में देशभर से 3 हजार धर्माचार्य, साधुसंत, महात्मा एवं विद्वतजन शामिल होंगे।