वाराणसी। लॉकडाउन के बीच श्री काशी विश्वनाथ धाम का काम शारीरिक दूरी के साथ तेजी से चल रहा है। सबसे पहले मंदिर चौक, मंदिर परिसर, यात्री सुरक्षा केंद्र नंबर तीन, यात्री सुरक्षा केंद्र नंबर दो, स्प्रिचुअल बुक स्टोर, जलपान केंद्र के साथ ही गंगा किनारे घाट व जेटी के विकास का काम चल रहा है।
कार्यदायी संस्था पीएसपी के पांच इंजीनियर और 155 मजदूरों को काम पूरा करने के लिए लगाया गया है। साथ ही मानकों का पालन कराने व काम की गुणवत्ता को परखने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से चार अधिकारी लगाए गए हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि रोजाना साइट को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया जा रहा है। मजदूरों को हर दो घंटे पर हाथ धोने और सैनिटाइज करने के लिए भेजा जाता है। दो मीटर की दूरी बनाकर कर्मचारी और मजदूर काम कर रहे हैं। काम पर आने से पहले गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाती है। यही प्रक्रिया दोपहर में लंच के बाद अपनाई जाती है।