जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से संबद्ध कॉलेजों की परीक्षा महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन कराएगा लेकिन डिग्री बलिया विश्वविद्यालय द्वारा ही दी जाएगी।
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा की अध्यक्षता में गत 17 फरवरी को बलिया विश्वविद्यालय के कुलपति और काशी विद्यापीठ के कुलसचिव की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। सोमवार को निर्णय के अनुसार आदेश जारी हुआ। परीक्षाएं बलिया विश्वविद्यालय कुलपति की देखरेख में होंगी।
बलिया विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव की नियुक्ति के बाद से ही इससे संबद्ध कॉलेजों की परीक्षा को लेकर चर्चाएं हो रही थीं। इसके बाद प्रमुख सचिव जितेंद्र कुमार ने बलिया विश्वविद्यालय के कुलपति और विद्यापीठ के कुलसचिव के साथ बैठक कर प्रवेश-परीक्षा, डिग्री आदि मामलों पर विस्तृत चर्चा की।
निर्णय के अनुसार सत्र 2016-17 में बलिया विवि से संबद्ध कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा और रिजल्ट काशी विद्यापीठ जारी करेगा। बलिया विश्वविद्यालय की ओर से उपाधि दी जाएगी।
परीक्षा केंद्र, उड़ाका दल की निगरानी आदि की व्यवस्थाएं बलिया विश्वविद्यालय की ओर से कराई जाएंगी।
हालांकि बलिया विवि के कॉलेजों के छात्रों का परीक्षा शुल्क काशी विद्यापीठ द्वारा जमा कराया गया है, ऐसे में परीक्षा पर आने वाला व्यय काशी विद्यापीठ ही वहन करेगा।