प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सातवें चरण के चुनाव प्रचार का अंतिम दिन दावों आैर वादों पर केंद्रित रखा। सोमवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के खुशीपुर गांव में भाजपा और गठबंधन में शामिल दलों के प्रत्याशियों की सभा में पीएम मोदी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दो सपनों पर काम कर रही है। इसमें पहला 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने पर हर गरीब का खुद का घर होगा। दूसरा सपना किसानों की आय दोगुना करने का है। दोनों सपने पूरे करने के लिए रोडमैप बना लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि हर तरह से प्रदेश्ा को तबाह करने वालों को अब मौका मत दीजिए।
भाजपा गठबंधन में शामिल दलों अपना दल (सोनेलाल) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की संयुक्त सभा में वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र की पांच विधानसभाओं के अलावा चंदौली जिले की तीन विधानससभाओं के उम्मीदवार बुलाए गए थे। पीएम ने जनता से गठबंधन के प्र्रत्याशियों को वोट देने की अपील के साथ कहा कि 11 मार्च को यूपी में सरकार बनेगी तो दो दिन पहले होली मन जाएगी। 13 को विजय की होली पूरा देश मनाएगा। भीड़ से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने पूछा- बहन जी भला करेंगी? बुआ, भतीजे में भरोसा है क्या? आवाज आई-नहीं।