Varanasi News: विश्वविद्यालय से संबद्ध 50 से ज्यादा कॉलेजों के प्राचार्यों को चेतावनी दी गई है कि समय से विद्यार्थियों को नंबर न मिलने की दशा में परीक्षा के अंक को शून्य मानते हुए परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की विषम सेमेस्टर की परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन हो चुका है। अब जब विवि के रिजल्ट जारी करने का समय है लेकिन कॉलेजों की ओर से छात्रों के प्रैक्टिकल/आंतरिक परीक्षा के नंबर ही नहीं दिए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विवि से संबद्ध करीब 50 कॉलेज ऐसे हैं जहां से प्रैक्टिकल के नंबर न मिलने की वजह से रिजल्ट रुका हुआ है। परीक्षा नियंत्रक ने प्राचार्यों को नोटिस जारी कर विभाग को जल्द नंबर मुहैया कराने को कहा है। प्राचार्यों को चेतावनी दी गई है कि समय से विद्यार्थियों को नंबर न मिलने की दशा में परीक्षा के अंक को शून्य मानते हुए परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
विवि से संबद्ध वाराणसी समेत पांच जिलों में स्नातक, स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर की परीक्षा कराई गई। जिलेवार संकलन केंद्रों से कॉपियों के आने के बाद अब विवि ने कॉपियों का मूल्यांकन करा लिया है। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने कॉलेजों के प्राचार्य/प्रबंधक को एक पत्र जारी कर नाराजगी जताई है।
बताया कि अब जबकि 16 अप्रैल से सम सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हो चुकी हैं। इस परीक्षा का भी परीक्षा परिणाम जारी किया जाना है। जुलाई में दीक्षांत समारोह भी होना है। ऐसे में प्रैक्टिकल के नंबर समय से नहीं दिए जाएंगे तो परीक्षा परिणाम प्रभावित होगा। सभी कॉलेजों को 22 अप्रैल तक का समय दिया गया है।