फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi: काशी विद्यापीठ के छात्रों और दुकानदारों के बीच जमकर हुई मारपीट, नौ नामजद व 30 अज्ञात पर केस

Sun, 18 Aug 2024 10:21 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों और फूल विक्रेताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों की ओर से हुई पत्थरबाजी में कई लोग घायल हुए हैं। 
विज्ञापन
मौके पर मौजूद पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी विद्यापीठ के गेट नंबर तीन के सामने रविवार की सुबह छात्रों और मलदहिया फूल मंडी के दुकानदारों के बीच सरेराह जमकर मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ हुई। उपद्रव के दौरान वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए और हवाई फायरिंग की भी चर्चा रही। सूचना पाकर सिगरा और चेतगंज थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाठी पटक कर उपद्रव में शामिल लोगों को खदेड़ा। घटना के संबंध में दोनों पक्ष ने सिगरा थाने में तहरीर नहीं दी। कैंट रोडवेज चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार मिश्र की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में नौ नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन




महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट नंबर तीन के सामने मलदहिया फूल मंडी के दुकानदार अपना वाहन खड़ा किए हुए थे। इस पर विद्यापीठ के एक सुरक्षा कर्मी ने सुबह लगभग 8.15 बजे आने-जाने में दिक्कत का हवाला देते हुए गेट के सामने से वाहन हटाने को कहा। इसे लेकर दुकानदारों ने सुरक्षा कर्मी को फटकार कर भगा दिया तो उसने विश्वविद्यालय परिसर में जाकर हॉस्टल के छात्रों से दुखड़ा सुनाया।
विज्ञापन




इस पर सुरक्षाकर्मी के पक्ष से विश्वविद्यालय के कई छात्र गेट नंबर तीन से बाहर आए और दुकानदारों से उनकी कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इसके चलते मलदहिया चौराहा से इंग्लिशिया लाइन मार्ग पर भगदड़ मच गई और लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर जगह तलाशते नजर आए। सूचना पाकर सिगरा और चेतगंज थाने की पुलिस पहुंची। 



पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों को लाठी पटक कर खदेड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि मारपीट और पथराव में दोनों पक्ष के लोग घायल हुए हैं। छह-सात वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। इसके बावजूद कोई पुलिस के पास नहीं गया। वहीं, इस संबंध में एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने कहा कि नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से अज्ञात आरोपियों को चिह्नित कर उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

विज्ञापन

इन आरोपियों पर दर्ज हुआ है मुकदमा

मौके पर मौजूद पुलिस - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्यापीठ के हॉस्टल के छात्र करन, उज्जवल सिंह, किशन सिंह उर्फ शेरा, शिवम तिवारी, मुलायम यादव व अनुराग राय और 15 अज्ञात। फूल मंडी का दुकानदार कोदई चौकी, दशाश्वमेध का रवि जायसवाल, मलदहिया मलिन बस्ती का पप्पू डोम, बादशाह बाग फातमान रोड का सुनील यादव और मलदहिया डोम बस्ती के 15 अज्ञात।
 
चंदुआ सट्टी और मलदहिया के अतिक्रमण पर ध्यान नहीं
पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम इन दिनों अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का काम कर रही है। इसके बावजूद सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ सट्टी और मलदहिया फूल मंडी में सड़क पर अतिक्रमण की ओर किसी का ध्यान नहीं जाता है। इन दोनों इलाकों में सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानदारी करने वाले लोग किसी के साथ भी मारपीट के लिए भी तैयार रहते हैं। इलाकाई लोगों का कहना था कि इन दोनों स्थान के अतिक्रमण की ओर भी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को गंभीरता से ध्यान देकर कार्रवाई करना चाहिए।
 
शहर में थे मुख्यमंत्री, अफसरों में हड़कंप
विद्यापीठ के गेट नंबर तीन के सामने मारपीट और पथराव की घटना के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में मौजूद थे। घटनास्थल से सर्किट हाउस की दूरी लगभग साढ़े तीन किलोमीटर है। इसे लेकर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप की स्थिति रही। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अफसरों ने मातहतों को निर्देशित किया कि स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर प्रभावी तरीके से कार्रवाई करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें