वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एलबीएस छात्रावास में रहने वाले पत्रकारिता एवं जनसंचार के पीएचडी छात्र गणेश राय ने छात्र देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ करन सिंह पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्र ने मुख्य गृहपति को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद छात्रावास के गेट पर उनके साथ मारपीट की गई। गणेश राय का आरोप है कि करन सिंह आए दिन छात्रों से मारपीट करता है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
कैंट थाना क्षेत्र में मानसिक चिकित्सालय के समीप रेस्टोरेंट बंद कर घर लौट रहे कर्मचारी को रास्ते में रोककर मारपीट करने और स्कूटी क्षतिग्रस्त करने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आदित्य रघुवंशी, सन्नी सिंह और शाश्वत पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अर्दली बाजार के विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी निवासी अलंकृता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका रेस्टोरेंट वीडीए कॉलोनी, चांदमारी में है। आरोप है कि 12 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे उनका कर्मचारी रेस्टोरेंट बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। पांडेयपुर पानी की टंकी के पास कुछ लोगों ने उसे रोककर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद