विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षा की फीस को शासन ने तय कर दिया है। इसमें कोर्सवार (बीए, बीएससी, बीकॉम से लेकर एलएलबी, नर्सिंग तक) क्रमश: 800 से 1500 रुपये फीस अब छात्रों से ली जाएगी। हालांकि फीस का निर्धारण इसके पहले भी किया गया था, इसके बाद भी कुछ संस्थानों में अधिक फीस लेने की शिकायत शासन स्तर पर हुई थी। इसी वजह से नया आदेश जारी करना पड़ा। इधर आदेश जारी होने के बाद अब काशी विद्यापीठ से जुड़े कॉलेजों में इसका नए सिरे से पालन कराने की बात कुलसचिव ने कही है।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर के साथ ही एनटीपीसी, गंगापुर कैंपस और इससे संबद्ध वाराणसी व चंदौली जिले के 222 कॉलेजों में स्नातक के अलग-अलग कोर्स में ही एक लाख से अधिक विद्यार्थी हैं। शासन की ओर से पहले से ही सेमेस्टर परीक्षा की फीस तय की गई है। इसका पालन विश्वविद्यालय सहित कुछ कॉलेजों में तो हो रहा है, लेकिन अभी भी बहुत से कॉलेज निर्धारित फीस से अधिक राशि छात्रों से ले रहे हैं।