महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन फार्म 16 मार्च से 15 अप्रैल तक भरे जा सकते हैं।
चालान जारी करने और आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट से आवेदन पत्र की प्रिंट कॉपी निकालने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल है।
वहीं काशी विद्यापीठ के शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग में संचालित पाठ्यक्रम एमपीएड और बीपीएड चतुर्थ सेमेस्टर का एडवांस कोचिंग लेसन प्लान, स्किल टेस्ट और लैब टेस्ट की प्रायोगिक परीक्षा 19 से 20 मार्च को होगी। प्रो. सुशील कुमार गौतम ने बताया कि परीक्षा सुबह सात बजे से विभाग में होगी। विद्यार्थियों को समय पर अपने स्पोर्ट्स किट में उपस्थित होना होगा।
उधर काशी विद्यापीठ की वार्षिक परीक्षा को सुचिता पूर्वक संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन कंट्रोल रूम का गठन किया है। इस कंट्रोल रूम में कुलसचिव ओम प्रकाश, उप कुलसचिव व्यास नारायण सिंह, सहायक कुलसचिव डॉ. राकेश मिश्र, अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार सिंह, वरिष्ठ सहायक अरिंदम श्रीवास्तव और आशुलिपिक चंद्रशेखर पांडेय शामिल हैं।