दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और विजयवाड़ा के लिए संचालित होंगे नए विमान
संवाद न्यूज एजेंसी
बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार से वाराणसी एयरपोर्ट से 10 नई उड़ानों का संचालन शुरू होगा। नई सेवाओं के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या बढ़ेगी और दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू तथा विजयवाड़ा के लिए यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
नए शेड्यूल के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस मुंबई के लिए दो नई उड़ानें और दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त उड़ान शुरू करेगी। वहीं आकासा एयर वाराणसी-बंगलूरू के बीच प्रतिदिन नई उड़ान संचालित करेगी। इंडिगो विजयवाड़ा के लिए नई उड़ान शुरू करेगी। इन सेवाओं के शुरू होने से एयरपोर्ट पर कुल 10 अतिरिक्त उड़ानों का संचालन होगा।
अभी तक वाराणसी एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 22 विमानों का आगमन और 22 विमानों का प्रस्थान, यानी कुल 44 उड़ानों का संचालन हो रहा था। एक अगस्त से नई उड़ानें जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़ जाएगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है। हालांकि नई उड़ानों की शुरुआत ऐसे समय हो रही है, जब विमान ईंधन (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों और परिचालन लागत के कारण पिछले कुछ महीनों में वाराणसी एयरपोर्ट की हवाई सेवाएं प्रभावित रही हैं। वर्ष की शुरुआत में एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 84 उड़ानों का संचालन होता था और रोजाना 15 से 16 हजार यात्रियों का आवागमन दर्ज किया जाता था। वर्तमान में यह संख्या घटकर प्रतिदिन 44 से 45 उड़ानों और 8 से 9 हजार यात्रियों तक रह गई है।
इसके अलावा एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत रनवे एक्सटेंशन का कार्य चलने के कारण रात्रिकालीन उड़ानों का संचालन भी बंद है, जिसका असर उड़ानों की संख्या पर पड़ा है। उधर, बढ़ती परिचालन लागत के चलते स्पाइसजेट ने वाराणसी से अपनी सभी सेवाएं बंद कर दी हैं। एयरलाइन पहले अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई और पुणे के लिए उड़ानें संचालित करती थी। जून में सेवाएं बंद होने के बाद ग्राउंड हैंडलिंग से जुड़े 100 से अधिक कर्मचारियों के पास पिछले दो महीनों से नियमित काम नहीं है।