काशी को हरा-भरा बनाने के लिए ‘काशियाना डॉट कॉम’ के जरिये बीएचयू और काशी विद्यापीठ के उत्साही युवाओं ने एक नई मुहिम शुरू करने की तैयारी की है, ‘इको डिजिटल काशी’। इसकी शुरुआत गणतंत्र दिवस से होगी। प्रयास यही है कि हर घर के पास कम से कम दो पौधे जरूर लगाए जाएं। मुहिम के पहले चरण में गणतंत्र दिवस पर चार सौ लोगों को नीम, अशोक आदि के पौधे निशुल्क बांटे जाएंगे।
जिन लोगों को पौधे दिए जाएंगे उनसे यह संकल्प पत्र भी भरवाया जाएगा कि वह दो और लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करेंगे। इस मुहिम के लिए इन युवाओं की तरफ से चंदे में पैसे नहीं पांच-पांच पौधे मांगे जा रहे हैं। आने वाले दिनों में विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, थाना परिसराें सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यह टोली पौधे लगाएगी।
काशी विद्यापीठ और बीएचयू छात्रों ने ‘काशियाना डॉट कॉम’ नाम से जो लोकल सर्च इंजन बनाया है, इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को काशी से जुड़ी हर जानकारी मुहैया कराना है। अब ग्रीन इंडिया कैंपेन के तहत इको डिजिटल काशी की शुरुआत की जा रही है। सोमवार को गणतंत्र दिवस पर सिगरा स्टेडियम में मुहिम के तहत पौधे बांटे जाएंगे।
काशी को पर्यावरण प्रदूषण से बचाने और हरा-भरा रखने के लिए यह मुहिम अगले पांच साल तक जारी रखी जाएगी। काशियाना डॉट कॉम के सुमित कुमार ने बताया कि चंदे में अधिक से अधिक पौधे मिलें, इसके लिए मोबाइल पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं। पौधा देने की अपील की जा रही है। काशी विद्यापीठ के कुलपति डॉ. पृथ्वीश नाग की मौजूदगी में लोगों को पौधे देकर मुहिम की शुरुआत की जाएगी। मुहिम का ब्यौरा उनके वेबसाइट पर भी अपडेट किया जाएगा।