रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अहमदाबाद से मुंबई के बीच बन रही पहली बुलेट ट्रेन का काम 500 किलोमीटर के सेक्शन में तेजी से चल रहा है। इसके संचालन के लिए 118 किलोमीटर तक पिलर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने चार से पांच बैच में विद्यार्थियों के समूह को एक स्पेशल ट्रेन के माध्यम से इसके निर्माण कार्य से रूबरू कराने के लिए बरेका की महाप्रबंधक से कहा। रेलमंत्री ने कहा कि भारत में ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है जिससे ड्रोन का कृषि सहित बुनियादी स्तर पर अधिकाधिक उपयोग हो सके।
सवाल : रेलवे युवाओं से क्या अपेक्षा रखता है। - आशुतोष अग्रवाल, प्रबंधशास्त्र संकाय
जवाब : रेलवे युवाओं के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू कर रहा है। रेलवे जल्द ही युवाओं के लिए 1.48 लाख रोजगार के अवसर ला रहा है। 800 स्टार्टअप रेलवे के साथ मिलकर विभिन्न समस्याओं पर काम करेंगे।
सवाल : रेलवे का विकास हो रहा है लेकिन आज भी यूपी और बिहार के ट्रेनें काफी लेट होती हैं। - यश दवे, विधि संकाय
जवाब : वर्तमान में 11 करोड़ लोग रोजाना रेलवे का सफर कर रहे हैं लेकिन अभी हम आठ करोड़ यात्रियों को ही सुविधाएं दे पा रहे है। सभी के लिए रेल यात्रा सुलभ हो, इसके लिए हम ज्यादा से ज्यादा रेलवे ट्रैक बिछा रहे हैं। इससे ट्रेनों के लेट होने की समस्या तो दूर होगी ही वेटिंग लिस्ट से भी छुटकारा मिल जाएगा।