अन्याय प्रतिकार यात्रा के दौरान गोदौलिया में हुए बवाल के बाद मूर्ति विसर्जन और मोहर्रम के दौरान माहौल न बिगड़े इसके लिए प्रदेश सरकार भी गंभीर है। सरकार के निर्देश पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन ड्रोन कैमरे वीडियो सर्विलांस का काम करेंगे। इन कैमरों को लखनऊ से भेजा गया है। ये कैमरे शहर की निगहबानी करेंगे। साथ ही शहर भर में 45 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और विसर्जन व मोहर्रम के मद्देनजर 150 वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने सोमवार को बताया कि लखनऊ से आ रहे तीन ड्रोन कैमरे 20 से 26 अक्तूबर तक काशी की आसमान से निगहबानी करेंगे। ड्रोन कैमरों के माध्यम से वीडियो सर्विलांस में सहूलियत मिलेगी। सीतापुर से आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट्स भी मंगाए गए हैं। दशहरा और मोहर्रम के दौरान शहर भर में पीएसी, सीमा सुरक्षा बल और रैपिड एक्शन फोर्स की 15 कंपनी तैनात रहेगी।
जनपद पुलिस के अलावा 3000 पुलिसकर्मी पड़ोस के जिलों से आ रहे हैं। इन सबके अलावा, बम निरोधक दस्ता, एंटी सबाटोज टीम और डॉग स्क्वाड शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखेंगे। एसएसपी ने बताया कि सभी एएसपी, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आगाह किया गया है कि वे निरंतर चक्रमण कर दुर्गा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखें। इस संबंध में जो भी लापरवाही करता हुआ पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।