भदोही तहसील के फत्तूपुर में काशी नरेश के नाम की करोड़ों रुपये की जमीन पर गलत ढंग से दूसरे का नाम दर्ज करने के मामले में कार्रवाई हुई है। डीएम शैलेष कुमार ने लेखपाल नीति शुक्ला को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है।
विज्ञापन
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि फत्तूपुर में काशी नरेश के नाम से जमीन है। यह नॉनजेड-ए की श्रेणी में होने के कारण उत्तर प्रदेश सरकार की है। इसकी कीमत करोड़ों में है।
हलका लेखपाल नीति शुक्ला ने मिलीभगत करके उस पर किसी दूसरे का नाम दर्ज कर दिया, जबकि किसी भी जमीन पर नाम दर्ज करने का अधिकार केवल एसडीएम को है। मामले की जानकारी होने पर एडीएम न्यायिक से जांच कराई गई। आरोप सही मिलने पर हलका लेखपाल नीति शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विज्ञापन
बताया कि प्रकरण की जांच एवं सच सामने लाने के लिए टीम का गठन किया गया है। मामले में विभागीय कार्रवाई भी कराई जाएगी। कहा कि भ्रष्टाचार एवं सरकार की नीतियों के खिलाफ काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।