प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में वाराणसी मंडल की टीम स्वर्ण पदक से चूक गई। अयोध्या में बुधवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में मेजबान अयोध्या ने अंतिम दो मिनट में वापसी करते हुए वाराणसी को 19-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वाराणसी की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 10-10 की बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने तेज खेल की रणनीति के साथ अटैक किया। लेफ्ट विंग से लगातार कई प्रयास किए गए। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले तक स्कोर 17-17 से बराबर था। अंतिम क्षणों में अयोध्या की खिलाड़ी रवीना ने लगातार दो गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया। इस तरह अयोध्या ने 19-17 से मैच जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वाराणसी मंडल की प्रीति यादव, प्रीति पटेल, काजल, मानसी, महिमा और गोलकीपर आकांक्षा ने टीम को जिताने का भरपूर प्रयास किया।
आजमगढ़ को 14-12 गोल से हराया -
सेमीफाइनल में वाराणसी मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 14-12 गोल से हराया। क्वार्टर फाइनल में वाराणसी मंडल ने देवीपाटन मंडल को 14-4 से हराया। वाराणसी मंडल की इस उपलब्धि पर यूपी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह, संयुक्त सचिव विभव सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी नवीन सिंह और जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शंपू ने पूरी टीम को बधाई दी। वाराणसी मंडल की 12 सदस्यीय टीम में विकास इंटर कॉलेज की नौ खिलाड़ियों ने स्थान बनाया था।