भारतीय नौ सेना के वाइस एडमिरल अजेंद्र बहादुर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री का निर्वाचन क्षेत्र होने की वजह से काशी पर पूरी दुनिया की नजर है।
इस प्राचीन नगरी को साफ-सुथरा रखने के साथ ही गंगा निर्मलीकरण के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। बनारस में अभी बहुत काम करने की जरूरत है। यह बातें उन्होंने छावनी क्षेत्र के एक होटल में आयोजित रोटरी मंडल-3120 के तीन दिवसीय मंडल अधिवेशन -उमंग के उद्घाटन अवसर पर कहीं।
अधिवेशन के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में वाइस एडमिरल ने कहा कि धार्मिक नगरी काशी का हमेशा से विशिष्ट स्थान रहा है लेकिन पीएम का संसदीय क्षेत्र होने की वजह से इस शहर का आकर्षण और बढ़ गया है। पर्यावरण,सफाई, यातायात, गंगा निर्मलीकरण,पर्यटन विकास की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का अपना काम है लेकिन रोटरी क्लब को स्वच्छता और पर्यावरण के अलावा गंगा घाटों को चमकाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने रोटरी के सेवा कार्यों की सराहना भी की।
कहा कि सरकार के पास संसाधन है और रोटरी के पास मैन पावर। इसका सामंजस्य बन जाए तो बड़ा से बड़ा काम आसान हो सकता है। उन्होंने पीएम के स्वच्छता अभियान में रोटरी क्लब की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर वेद प्रकाश ने साक्षरता की दिशा में कदम बढ़ाने की जानकारी दी। कहा कि हमारी कोशिश है कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहने पाए। बेहतर शिक्षा के लिए एक-एक स्कूल को गोद भी लिया जा रहा है। इससे पहले अतिथियों का स्वागत प्रदीप अग्रवाल ने किया।
इस मौके पर पूर्व मंडलाध्यक्ष आर बद्री प्रसाद, जय प्रकाश मुदड़ा, श्रीराम माहेश्वरी, ललित अग्रवाल, संजय गुप्ता, जगदीश झुनझुनवाला समेत तमाम लोग उपस्थित थे। 10 जनवरी तक चलने वाले इस अधिवेशन में यूपी, एमपी के 71 क्लबों के 700 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। संचालन प्रतिमा सिन्हा ने किया। शाम को हरिमोहन के गीतों पर लोग झूमते-नाचते रहे।