बीएचयू में चल रहे ताजा घटनाक्रम को लेकर वाराणसी के डीएम, एसएसपी और कमिश्नर छात्रों और प्रसासन से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की है। इस मामले में बीएचयू के कुलपति जीसी त्रिपाठी ने चुप्पी साध रखी है।
बताया जा रहा है कि डीआईजी वाराणसी के साथ कुछ और बड़े प्रशासनिक अधिकारी अभी बीएचयू से वार्ता करने पहुंचे हैं। कल भी कुलपति से घंटो बैठक हुई थी। अधिकारियों के समझाने के बाद भी कुलपति अपनी जिद पर अड़े हैं वो झुकने को तैयार नहीं है।
वो छात्राओं के बीच आने से मना कर चुके थे। बीती रात आवास पर हुई बैठक के बाद ही हिंसा भड़की थी। बता दें कि बीएचयू कैंपस में दो दिन से चल रहा धरना प्रदर्शन शनिवार देर रात हिंसक हो गया। छात्र- छात्राओं पर लाठीचार्ज के बाद रात भर बवाल चला। रविवार सुबह छात्राओं द्वारा साइलेंट मार्च निकाले जाने के बाद महिला छात्रावासों को जबरन खाली कराया जा रहा है।
विश्वविद्यालय को शनिवार रात से ही दो अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है। एमएमबी और रानी लक्ष्मीबाई हॉस्टल की लड़कियों से जबरन हॉस्टल खाली कराया जा रहा है। पूर मामले में बीएचयू कुलपति की चुप्पी हतप्रभ करने वाली है।
इसी बीच, आज सुबह आंदोलनरत छात्राओं ने सुबह साइलेंट मार्च निकाला। छात्राओं ने फिर सुबह कुलपति और विश्वविद्यालय के खिलाफ हुंकार भरी है। कुलपति जीसी त्रिपाठी अपनी जिद पर अड़े हैं। वो छात्राओं से बात करने को तैयार नहीं हैं।
वीसी लॉज के सामने पहुंचते पुलिस ने फिर बर्बरता दिखाई। लाठी के दम पर छात्राओं को भगाने का प्रयास किया गया। छात्राओं का आरोप है कि पुलिस ने लाठी चार्ज किया मगर पुलिसकर्मी इनकार करते रहे। घटना के बाद छात्र-छात्राएं फिर एकजुट हुए और कैंपस में मौन मार्च निकाल रहे हैं। कैंपस में वाराणसी के 22 थानों के अलावा तीन जिलों की फोर्स पहुंची हैं। कई कंपनी पीएसी वहां पहले से मौजूद है।
पूरा विश्वविद्यालय परिसर पुलिस छावनी में तब्दील है। इधर, सोशल मीडिया पर छात्राओं के समर्थन में आवाज बुलंद हो रही है। पुलिस के इस कृत्य को लोगों ने शर्मनाक बताया है। पूरे देश की नजर बीएचयू में हरवक्त बदलते घटनाक्रम पर है।
बता दें कि बीएचयू कैंपस में शनिवार की रात पुलिस और छात्रों के बीच जो गुरिल्ला युद्ध चला, उसका केंद्र बिड़ला ए चौराहा बना रहा। वीसी लॉज से कोई आधा किलोमीटर दूर इस चौराहे के एक तरफ से भारी फोस तो दूसरी ओर छात्र जमे रहे। दोनों तरफ से एक दूसरे पर जवाबी कार्रवाई जारी रही। जब माहौल बिगड़ता गया तो पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।