60 सीटों पर दो पाठ्यक्रमों की पढ़ाई शुरू
काशी में पहली बार फॉरेंसिक साइंस की विशेषज्ञ शिक्षा के लिए दो पाठ्यक्रमों में पढ़ाई शुरू हुई है। पांच वर्षीय बीएससी-एमएससी इन फॉरेंसिक साइंस और दो वर्षीय एमएससी इन फॉरेंसिक साइंस में 30-30 सीटें निर्धारित हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की फीस 65 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर है।
जाल्हूपुर कैंपस के निदेशक डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद एनएफएसयू का पहला बैच शुरू हो गया है। छात्रों को फॉरेंसिक विज्ञान की अत्याधुनिक शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थान से तैयार होने वाले विशेषज्ञ अपराध की वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य के विश्लेषण और न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
स्थायी परिसर तैयार होने के बाद यहां सुविधाओं और पाठ्यक्रमों का और विस्तार होने की उम्मीद है। इससे काशी और पूर्वांचल के छात्रों को फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा और करियर के नए अवसर मिलेंगे।