उत्तर भारत के धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में पहचानी जानी वाली काशी नगरी में पहली बार होने वाला काशी फिल्म महोत्सव दुनिया में अपनी पहचान बनाने जा रहा है। वाराणसी में पहली बार होने वाले तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव से यूपी में फिल्म सिटी के निर्माण को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत और नृत्य के दर्शन तो होंगे ही साथ में दार्शनिक कवि, लेखक, संगीतज्ञों और बनारस घराने की यादें भी ताजा होंगी। मंदिरों के शहर में हंसी से गुदगुदाने के लिए महशूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव भी मौजूद रहेंगे तो शाम को यादगार बनाने के लिए ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की प्रस्तुतियां भी दर्शकों के लिए यादगार बन जाएंगी।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम: सभी द्वारों का होगा नामकरण, नंदी द्वार से मिलेगा वीआईपी को प्रवेश
27 दिसंबर को शाम चार बजे महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य, प्रोटोकॉल राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी और विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा करेंगे। इस दौरान सिगरा स्थित कन्वेंशन सेंटर में मनोज जोशी की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र बनेगी। शाम छह बजे से सिगरा स्टेडियम में राजू श्रीवास्तव और गायक कैलाश खेर का लाइव शो होगा।
दूसरे दिन के सत्र सुबह 10.30 बजे शुरू होंगे। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल होंगे। इस दौरान 10:30 बजे से 12 बजे तक वाराणसी- 'एक सांस्कृतिक, पौराणिक और एतिहासिक विरासत से एक आधुनिक शहर की यात्रा” विषय पर पैनल चर्चा का आयोजन होगा। दूसरी पैनल की चर्चा का विषय ‘संगीत और गीत-बनारस की विरासत’ पर होगी जिसका समय दोपहर 12:30 बजे से दोपहर 02 बजे तक रहेगा। शाम चार बजे समापन समारोह के साथ ही सब्सीडी का वितरण होगा।
शाम छह बजे से ख्यात फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी की प्रस्तुति होगी। 29 दिसंबर सुबह 11 बजे से पैनल चर्चा में फिल्म निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय सिनेमा की संभावना पर चर्चा की जाएगी। शाम 4.30 बजे से लाइव शो में गायक रवि त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन की प्रस्तुति होगी।