वाराणसी में सोमवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के अवसर पर बोलते अभिनेता अनुपम खेर ।
- फोटो : अमर उजाला
मशहूर फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि फिल्म और कला पूरे विश्व को जोड़ती है। जब वह फिल्मों में काम करने का सपना लेकर मुंबई पहुंचे थे, तो उनकी जेब में महज 37 रुपये थे। कई रातें उन्होंने प्लेटफार्म पर गुजारीं। लेकिन इस संघर्ष का भी एक अलग ही आनंद था।
यहां के भी कलाकार अपनी प्रतिभा के दम पर आगे निकले और पूरे विश्व में छा जाएं। यूपी में बहुत ही ऊर्जा है और यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हमारा देश उत्सव और विभिन्नताओं का देश है। काशी में तो हर दिन पर्व और त्योहार की तरह लगता है। पहले काशी फिल्म महोत्सव में शामिल होने का मौका मिला, यह सौभाग्य की बात है।
वाराणसी में सोमवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के अवसर पर बोलते हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव।
- फोटो : अमर उजाला
हास्य अभिनेता राजू श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि यूपी में फिल्म सिटी की मांग खुद मुख्यमंत्री से मिलकर की थी, जो पूरा होने जा रहा है। इससे प्रदेश में प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे जाने का मौका मिलेगा। साथ ही बड़ी संख्या में रोजगार का सृजन होगा। लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि आजाद रहो, लेकिन अपने विचारों और संस्कारों से बंधे रहो।
वाराणसी में सोमवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित फिल्म फेस्टिवल के उद्घाटन के अवसर पर बोलते अभिनेता रवि किशन ।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद और अभिनेता रवि किशन ने कहा कि आज काशी विश्वनाथ की भव्यता को पूरा विश्व देख रहा है। विपक्षी इसे चुनावी मुद्दा कह रहे हैं। जैसी जिसकी करनी, वैसे उसकी सोच। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में इतनी योजनाएं हैं कि पूरे साल उद्घाटन होता रहता है। आने वाले दिनों में गोरखपुर में नाटक कुंभ होगा, जिसमें 18 सौ कलाकार हिस्सा लेंगे।
वहीं नोएडा के जेवर में दस हजार एकड़ जमीन ले लिया गया है, जब यहां फिल्मों की शूटिंग शुरू होगी तो बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। इस दौरान निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर व सतीश कौशिक आदि मौजूद थे। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और बुधवार को सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी आएंगी।