जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए काशी को सजाने संवारने का काम हुआ। चौराहों पर झालर लगाए गए हैं। काशी सजकर तैयार है बस सोमवार को पीएम का इंतजार है। कार्यकर्ता दिन रात तैयारी में लगे हैं। महिला कार्यकर्ता भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। चौराहों पर रंगोली सजाने, झालर लगाने में लगा है।
विज्ञापन
महिला मोर्चा अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल के नेतृत्व में सभी प्रमुख चौराहों पर रंगोली बनाई जा रही है। मंडल अध्यक्षों द्वारा शाम को अपने-अपने मंडल के चौराहों को झालर से सजाया गया। 68 स्थानों पर 1000 दीपक सोमवार को जलाए जाएंगे।
रविवार को गुलाब बाग स्थित कार्यालय में प्रदेश के राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पीएम आगमन से पूर्व दिन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ जाएंगे। हरसेवानंद पब्लिक स्कूल में 12 बजे पीएम के जीवन पर आधारित फिल्म चलो जीते हैं देखेंगे।
विज्ञापन
68 मलिन बस्तियों में सफाई कार्यक्रम होगा। 68 मंदिरों में पूजा अर्चना की जाएगी। 68 चिकित्सा शिविर लगेंगे। चौराहों को झंडा बैनर, झालरों से सजाया जाएगा। और एक हजार दीप जलाए जाएंगे।
उधर, पीएम के जन्मदिन की पूर्वसंध्या पर काशी अनाथालय के बच्चों के साथ प्रदेश के राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने लड्डू का केक काटा। उधर जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में आईटीआई कालेज करौंदी में पौधरोपण किया। सैकड़ों गरीबों को भोजन कराया गया।
डीरेका हेलीपैड पर उतरते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत रंग-बिरंगे गुब्बारे और जन्मदिन की बधाइयों के साथ होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा बहुओं को इसके लिए प्रशिक्षित किया गया। वह नमस्कार कर पीएम का अभिवादन करेंगी। इसके लिए रविवार को दिनभर हेलीपैड पर रिहर्सल हुई।
स्वागत के लिए पहली पंक्ति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गुलाबी साड़ी पहने हाथों में गुब्बारे लिए नजर आएंगी। दूसरी पंक्ति में सहायिका जन्मदिन पर बधाई संदेश लिखी तख्तियां लेकर खड़ी रहेंगी। उनके पीछे दो लाइन में आशा-बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हाथ जोड़कर पीएम का अभिवादन करेंगी। इसमें 111 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका, 80 आशा-बहुएं मौजूद रहेंगी।
डीरेका खेल मैदान के बाहर पीएम नरेंद्र मोदी के बड़े-बड़े कटाआउट लगाए गए हैं। वहीं विकासखंड काशी विद्यापीठ स्कूल के 65 बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डीरेका गेस्ट हाउस में मिलेंगे। परिचय एवं संवाद कार्यकम के तहत पीएम बच्चों से मुलाकात करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित रूट में मंडुवाहडीह पुल भी है। इसे रंगीन झालरों से सजा दिया गया है। जगह-जगह लाइटिंग की जा रही है। साथ ही शहर को झंडा और बैनर से पाटा गया है। शहर की ज्यादातर टूटी सड़कों की मरम्मत की गई है। अनावश्यक तार और खंभे हटा दिए गए हैं।
रविवार को महमूरगंज के अलावा मंडुवाडीह, लहरतारा आरओबी, लंका क्षेत्र सहित कई सड़कों का मरम्मत कार्य कराया गया। वहीं बीएचयू लंका क्षेत्र के सभी सड़कों पर भी सफाई कराकर मरम्मत कार्य कराया गया।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीएचयू में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। एंफीथिएटर मैदान में होने वाली सभा को लेकर पंडाल बनकर तैयार हो गया है, इसके अलावा कैंपस में सफाई अभियान, सजावट का काम चल रहा है।
इस बीच जहां प्रधानमंत्री का मंच बना है, इसके सामने रंगोली भी बनाई जाएगी, शिक्षा विभाग को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। डीआईओएस डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि तीन कॉलेज की छात्राएं मंच के सामने सोमवार दोपहर से रंगोली बनाएंगी।
इसके साथ ही बीएचयू परिसर में पीएम मोदी का जन्मदिन कोधूमधाम से मनाया जाएगा। महिला महाविद्यालय, बीएचयू विश्वनाथ मंदिर समेत तीन जगहों पर 68 दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा भारत का नक्शा भी बनाया जाएगा। इसके अलावा सोमवार को छात्रावासों के पास पौधरोपण भी कराया जाएगा।