वाराणसी में मंगलवार को अखिल भारतीय गोवर्धन पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसमें शामिल होने के लिए पहुंचे। उन्होंने नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में भगवान गोवर्धन के दर्शन और पूजन किए। इसके बाद आध्यात्मिक सभा को संबोधित करते हुए गोवर्धन पूजा के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों में गोवर्धन स्वरूप का विशेष महत्व है। यह पर्व इंद्र का घमंड चूर करने के साथ प्रकृति के प्रति प्रेम और उसके संरक्षण का संदेश देता है।
बोले- हमारा भाषण कभी-कभी अटपटा हो सकता है
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन के दौरान मंच पर मौजूद शिवनाथ जी की तारीफ भी की। उन्होंने उनके बोलने के अंदाज का जिक्र करते हुए कहा, "हमारा भाषण कभी-कभी अटपटा हो सकता है, लेकिन शिवनाथ जी दनादन अच्छे से अपनी बात रख रहे थे।" उनके इस बयान पर सभा में मौजूद लोगों का ध्यान गया।
प्रकृति और पशुधन संरक्षण का संदेश देता है गोवर्धन पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के बनारस में इस उत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को प्रकृति और उसके महत्व का संदेश दिया था। गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता जताने और उसके संरक्षण का पर्व भी है। इस परंपरा के माध्यम से समाज को प्रकृति और पशुधन के महत्व को समझने की प्रेरणा मिलती है।
नरमुंड धारण कर श्मशान में नाचे भोलेनाथ
इससे पहले गोवर्धन पूजा के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हथुआ मार्केट से शुरू हुई शोभायात्रा लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम पहुंची।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम, शिव-पार्वती और भगवान श्रीराम से जुड़ी आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। नरमुंड धारण कर श्मशान में नृत्य करते भगवान भोलेनाथ का स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, शिवगणों ने मुंह से आग के गोले निकालकर लोगों का ध्यान खींचा।