पत्नी के कथित संबंध को लेकर परेशान था दीपक
मृतक के पिता त्रिवेणी चौहान का आरोप है कि दीपक की पत्नी का गांव के ही एक युवक से कथित संबंध था। इस बात को लेकर दीपक काफी परेशान रहता था। परिजनों ने आशंका जताई कि पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर उसे जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
14 वर्षीय बेटी के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों के अनुसार, दीपक दूसरे प्रदेशों में कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी करता था। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह ओडिशा से घर लौटा था। बीते गुरुवार शाम वह बाजार जाने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दीपक दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 14 वर्षीय बेटी है। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने मौत को सामान्य मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।