सोनभद्र में गुरुवार को कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी विश्वजीत महापात्रा पहुंचे। जंगलों में नक्सलियों की तलाश में फोर्स के साथ एडीजी ने कांबिंग की।
इस दौरान एडीजी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी। सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली आदि समस्याओं से निजात दिलाने की मांग की।खोड़ैला, मांची समेत अन्य जंगलों में सीआपीएफ, पीएसी समेत कई थानों की फोर्स के साथ एडीजी विश्वजीत महापात्रा ने कांबिंग कर नक्सलियों के संचरण के संबंध में भी जानकारी ली।
कांबिंग के दौरान जगह-जगह एडीजी ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार से नक्सल इलाकों में बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और चिकित्सा की समस्याएं दूर करने के लिए पानी की तरह धन खर्च किया जा रहा है।
लेकिन समस्याएं दूर नहीं हो रही है। गर्मी की वजह से अधिकांश हैंडपंपों ने पानी देना बंद कर दिया है। दूर-दूराज से चिलचिलाती धूप में पानी लाना पड़ रहा है। बिजली कभी कभार आती है। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी होने से बच्चों को गुणवक्तायुक्त शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से टैंकरों से पानी आपूर्ति की व्यवस्था नहीं कराई गई है। एडीजी ने एसपी आरपी सिंह को संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याएं दूर कराने का निर्देश दिया है।
मातहतों को नक्सल इलाकों में जन संपर्क बढ़ाने का फरमान जारी किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल डॉ. अवधेश सिंह, क्षेत्राधिकारी खिचडू राम आदि मौजूद रहे।