फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कबीर प्राकट्य महोत्सवः हर तरफ नजर आया भावों का संगम, धूल को सिर माथे लगाकर धन्य हुए भक्त  

Wed, 27 Jun 2018 03:59 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
महोत्सव में भजन करते भगत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
‘चलो सखी आरती उतारें, सद्गुरु साहेब की...। भक्तिभाव में विभोर भक्तों ने इन्हीं पंक्तियों के गायन के साथ सद्गुरु संत कबीर साहेब की आरती की। लहरतारा स्थित जन्मस्थली पर आस्था और उल्लास से सजे तीन दिवसीय प्राकट्य महोत्सव में हर तरफ भजनों और भावों का संगम नजर आया। देश-दुनिया से आए अनुयायी कबीर साहेब की जन्मस्थली की धूल को सिर माथे लगाकर धन-धन्य हुए।

 

सुबह से शुरू हुआ आरती-पूजन और भजन-प्रवचन का सिलसिला देर शाम तक चला। कबीरवाणी के सस्वर पाठ की गूंज के बीच इलाके में मेले सी रौनक नजर आई। देश के विभिन्न प्रांतों के अलावा पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और हालैंड सहित कई अन्य देशों से कबीर पंथी यहां पहुंचे हैं।

 

सपरिवार आए अनुयायियों ने भजनों-प्रवचनों का रसपान करने के साथ ही जन्मस्थली पर मत्था टेका। भजनों से कबीर साहेब की महिमा का गुणगान किया। कबीरवाणी की मिठास के साथ उनके संदेशों की गूंज हर पल सुनाई दे रही थी। आयोजन में बच्चों, महिलाओं के साथ ही बुजुर्ग और युवा सभी नजर आए।

विज्ञापन

 

कबीर साहेब के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु मगन होकर झूमते-नाचते रहे। भजन-प्रवचन के बाद भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धर्माधिकारी सुधाकर साहब ने बताया कि बुधवार को समारोह के अंतिम दिन सुबह नौ बजे शोभायात्रा निकली। दोपहर आशीर्वचन कार्यक्रम होगा।

विज्ञापन

विदेशों से पहुंचे श्रद्घालु

महोत्सव में प्रवचन सुनती महिलाए - फोटो : अमर उजाला
कराची, पाकिस्तान से आए प्रकाशदास ने बताया कि वह हर साल यहां आते हैं और जन्मस्थली की धूल को सिर-माथे लगाते हैं। परिवार में मां, दया बाई, भाई मनीलाल, पत्नी संगीता दास के अलावा अपनी बेटियां रौनिक और मोनिका के साथ आए हैं।

उन्होंने बताया कि देश के बंटवारे के पहले से ही हम लोगों के दादा जी कराची में बस गए थे, तब से हम लोग वहीं रह रहे हैं। वेस्टइंडीज से आए सुरेश और अंकित दास ने बताया कि हम लोग नौंवी बार काशी आए हैं।
 
हम दोनों हिंदी नहीं समझ पाते हैं, लेकिन कबीर के भजन और प्रवचन याद हैं। हम पिछले कई पीढ़ियों से संत कबीर को मान रहे हैं। ऐसे में जब समय मिलता है तो काशी दर्शन करने के लिए आते हैं।
 
प्रवचन में हुजूर अर्द्धनाम साहेब ने कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब ने देश-दुनिया को सत्य लोक की राह दिखाई। सद्गुरु साहेब के संदेशों को आत्मसात कर यह लोक और परलोक दोनों सुधारा जा सकता है।
 
सद्गुरु साहेब के बताए भक्ति के साधनों का प्रयोग करके आप सत्य लोक के निवासी बन सकते हैं। मनुष्य का जीवन मिलना कठिन है, दुर्लभ है, लेकिन उससे भी अधिक दुर्लभ है सच्चे सद्गुरु का मिलना। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें