फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रकों की ओवरलोडिंग की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी

Wed, 27 Jun 2018 02:02 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन
ट्रकों की ओवरलोडिंग की शिकायत करने पर पूर्वांचल ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के व्हाट्स एप नंबर पर कॉल कर और एसएमएस भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकाने वाले को प्रमोद ने ऐसा न करने को समझाया और प्रदेश सरकार की सख्ती का हवाला दिया तो मुख्यमंत्री के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी की गई।
विज्ञापन


मामले को लेकर प्रमोद की तहरीर पर बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के कपूरी नरायनपुर गांव निवासी सतीश कुमार चौधरी उर्फ नागा के खिलाफ कैंट थाने में धमकाने सहित अन्य आरोपों और आईटी एक्ट के तहत मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रमोद ने बताया कि सतीश बलिया निवासी पूर्व मंत्री और बसपा नेता अंबिका चौधरी का भतीजा है। कैंट थाना अंतर्गत हासिमपुर निवासी प्रमोद कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि बलिया जिले के चितबड़ागांव स्थित उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के गोदाम से ट्रकों की ओवरलोडिंग की जा रही थी।
विज्ञापन


इसे रोकने के लिए उन्होंने निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर शिकायत की थी। इससे नाराज होकर गोदाम के ठेकेदार सतीश कुमार चौधरी उर्फ नागा ने अपने व्हाट्स एप नंबर से उनके व्हाट्स एप नंबर पर 23 जून को कई बार कॉल कर जान से मारने की धमकी दी।

इसके साथ ही सतीश ने व्हाट्स एप नंबर पर धमकी भरे एसएमएस भेजे। प्रमोद ने बताया कि सतीश की धमकी से वो और उनका परिवार भयभीत है। इससे पहले भी सतीश उनको कॉल कर धमकी दे चुका है और उसके खिलाफ आपराधिक मामलों को लेकर कई मुकदमे दर्ज हैं। 
विज्ञापन

आरोपी का पंजीयन और ठेका किया जाए निरस्त

demo pic
ठेकेदार सतीश कुमार चौधरी उर्फ नागा के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद उसका पंजीयन और ठेका निरस्त करने के लिए प्रमोद कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा है।

प्रमोद ने कहा कि भंडारण निगम के पंजीयन और टेंडर शर्त के अनुसार यदि किसी ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज हो जाता है तो उसका पंजीयन और ठेका निरस्त कर दिया जाएगा। ऐसे में सतीश के चितबड़ागांव स्थित यूपी राज्य भंडारण निगम और पीजी गोदाम बलिया का ठेका का निरस्त किया जाए।

इस बारे में सीओ कैंट राकेश कुमार नायक ने बताया कि प्रमोद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल और उपलब्ध कराए गए साक्ष्य के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें