सिगरा और लालपुर में होगा जन्म शताब्दी खेल
खेल विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता लालपुर और सिगरा स्टेडियम में होगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि 28 व 29 जनवरी को जूनियर बालक हॉकी और जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता होगी।
30 और 31 जनवरी को जूनियर बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जाएगी। खिलाड़ी स्टेडियम के कोच से संपर्क कर सकते हैं। इसमें 600 खिलाड़ी खेलेंगे।
अमेरिका में मुक्के का दम दिखाएंगी दीपिका
भारतीय मुक्केबाज और वाराणसी की दीपिका तिवारी अमेरिका के पेंसिलवेनिया में मुक्केबाजी कौशल का प्रदर्शन करेंगी। खेल वातावरण से सामंजस्य बैठाने के लिए वह आठ जनवरी से ही चार डिग्री ताममान में रोज छह घंटे अभ्यास कर रही हैं।
पहला मौका है जब वाराणसी की महिला मुक्केबाज प्रोफेशनल मुक्केबाज रिंग में उतरेंगी। वह आठ जनवरी को अमेरिका चली गई थीं। दीपिका डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम में मुक्केबाजी की अंशकालिक मानदेय कोच हैं।
फुटबॉल: वाराणसी ने मेरठ की टीम को हराया
मुलायम सिंह यादव राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच डीएफए वाराणसी और डीएफए मेरठ के बीच खेला गया। वाराणसी ने मेरठ को शून्य के मुकाबले सात गोल से पराजित कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब उसका मुकाबला डीएफए गोरखपुर से होगा।
वाराणसी की खिलाड़ियों ने पहले हाफ के 14वें मिनट में नेहा ने पहला गोल कर दिया। 22वें मिनट में पायल, 29वें पुष्पा, 30वें और 32वें मिनट में नैन्सी ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाते हुए 5 गोल किए। दूसरे हाफ के 43वें और 50वें मिनट में पायल ने एक-एक गोल कर 7-0 से टीम को जीत दिला दी।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
कबड्डी में कलाम हाउस ने मारी बाजी
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को शनिवार को सम्मानित किया गया। बड़ागांव के गांगकला के त्रिपदा पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता हुई। मुख्य अतिथि पिंडरा के भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
बालिका वर्ग के 100 मीटर दौड़ में कक्षा नौ की उन्नति उपाध्याय को प्रथम, प्रिया वर्मा को द्वितीय और खुशी को तृतीय स्थान मिला। बालक वर्ग में 11वीं के सूरज तिवारी ने प्रथम, मनीष सिंह द्वितीय और वैभव मौर्य तीसरा स्थान पर रहे। कबड्डी में कलाम हाउस की अदिति सिंह, सोनम यादव, प्रिया वर्मा, अंशिका चौहान, पीहू मिश्रा, यशस्वी पटेल, श्रेया यादव, लक्षिता सिंह और संध्या यादव ने स्वर्ण पदक जीता।
खो-खो में विवेकानंद हाउस की अंशिका सिंह, यश्वी पाल, ईशा पटेल, आंचल मौर्य, संजना पटेल, मानसी त्रिपाठी, आयुषी सिंह, खुशी सिंह, अंशिका सिंह और सौम्या मिश्रा की टीम ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इस दौरान धर्मेंद्र विश्वकर्मा, रवि सिंह, रामसेवक यादव, प्रबंध निदेशक प्रमिला देवी, उप प्रबंधक प्रेमचंद सिंह, प्रधानाचार्य अशोक पांडेय, उप प्रधानाचार्य शिव शंकर मौर्य मौजूद रहे।
परमानंदपुर के खेल मैदान में रस्साकशी में दम दिखाते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
रस्साकशी में लक्ष्मीबाई सदन बना विजेता
लक्ष्मी बाई सदन ने परमानंदपुर के खेल मैदान पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रस्साकशी प्रतियोगिता हुई। बालिका वर्ग के फाइनल में लक्ष्मीबाई सदन की टीम ने सरोजिनी नायडू को पराजित कर पहला स्थान प्राप्त किया।
इससे पूर्व लक्ष्मी बाई सदन ने एनी बेसेंट सदन को और सरोजिनी नायडू सदन ने मदर टेरेसा सदन को हराया। विजेता खिलाड़ियों को जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने पुरस्कृत किया। विजेता टीम में रोशनी राजभर, श्रेया पाल, कोमल गुप्ता, खुशी यादव, पीहू और प्रीति शामिल थी। संचालन अंजलि श्रीवास्तव ने किया।