काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का गुरुवार को वार्षिक रुद्राक्ष श्रृंगार हुआ। इस दौरान काल भैरव का अद्भुत और अलौकिक स्वरूप देखने के लिए भक्त भी उमड़े। इस अवसर पर बाबा को छप्पन भोग भी लगाया गया। काशी के कोतवाल के दरबार में मंगला आरती के बाद से दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। बाबा का रुद्राक्ष से विधि विधान से श्रृंगार किया गया।
मंदिर के महंत अनिल कुमार दुबे ने बताया कि आज बाबा का वार्षिक रुद्राक्षमयी अन्नकूट महोत्सव है। इस दिन बाबा के दर्शन से विशेष फल प्राप्त होता है। बाबा काल भैरव शिवजी के रुद्र रूप हैं, इसलिए आज के दिन सवा लाख रुद्राक्ष की मालाओं से पूरे मंदिर परिसर और बाबा को सजाया गया है। महंत ने बताया कि बाबा का प्रसाद आज ही के दिन भक्तों में बांटा भी जाता है। देर रात तक मंदिर में दर्शन पूजन का सिलसिला चलता रहा।