जाम की समस्या से निजात पाने और सुगम यातायात के लिए महमूरगंज-मंडुवाडीह आरओबी का निर्माण कार्य तय समय पर पूरा नहीं हो पाएगा। रेलवे की सुस्ती वजह से अभी साल भर जाम की समस्या से और जूझना होगा। पूर्वोत्तर रेलवे को तीन पिलर बनाने हैं लेकिन अभी तक आधारशिला ही नहीं रख सका। सोमवार को लहरतारा स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में डीआरएम एसके कश्यप ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी चल रही है। दिसंबर तक रेलवे अपने हिस्से का काम पूरा कराएगा।
डीआरएम ने कहा कि रेलवे को पिलर के ऊपर गर्डर रखकर पुल बनाना है। डिजाइन तैयार कर गर्डर बनाने का आर्डर दे दिया गया है। काम को पूरा कराने में दिसंबर तक का समय लगेगा। ऐसे में जनता को अभी आठ महीने से अधिक इंतजार करना पड़ेगा। बता दें कि 35.26 करोड़ रुपये की लागत से सात सौ मीटर लंबे आरओबी का निर्माण सेतु निगम और रेलवे को मिलकर कराना है। जून 2016 तक निर्माण पूरा करने की मियाद निर्धारित की गई थी लेकिन रेलवे की लेटलतीफी से यह लटक गया है। सेतु निगम का काम करीब अंतिम चरण में है। उसने 13 पिलर बनाने के साथ स्लैब डालने का काम पूरा कर लिया है। अब रिटेनिंग वॉल बनाने का काम चल रहा है। वहीं, रेलवे अभी आधारशिला तक नहीं रख सका है।