जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में 18 अगस्त को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ओपन जूनियर एथलेटिक्स टीम का ट्रायल होगा। संघ के सचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत अंडर-20 वर्ग में 17 सितंबर 2006 से 16 सितंबर 2008 के मध्य जन्मे खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
अंडर-18 वर्ग के लिए 17 सितंबर 2008 से 16 सितंबर 2010, अंडर-16 वर्ग के लिए 17 सितंबर 2010 से 16 सितंबर 2012 तथा अंडर-14 वर्ग के लिए 17 सितंबर 2012 से 16 सितंबर 2014 के मध्य होना अनिवार्य है। इसमें अंडर-20 बालक व बालिका वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500, 3000, 5000, 110 व 400 मीटर बाधा दौड़, 3000 मीटर स्टीपलचेस, ऊंची कूद, पोल वॉल्ट, लंबी कूद, ट्रिपल जंप, गोला व तश्तरी फेंक, हैमर थ्रो, भाला फेंक, डेकाथलॉन और 5000 मीटर पैदल चाल का आयोजन होगा। अंडर-18 वर्ग में 100, 200, 400, 1000, 110 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला व तश्तरी फेंक, भाला फेंक, हेप्टाथलॉन और 5000 मीटर पैदल चाल स्पर्धाएं होंगी। अंडर-16 में 60, 600, 80 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद (5 मीटर रनवे), गोला फेंक, भाला फेंक और पेंटाथलॉन आयोजित किए जाएंगे। अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों को ट्रायथलॉन-ए, ट्रायथलॉन-बी या ट्रायथलॉन-सी में से किसी एक इवेंट को चुनना होगा जबकि किड्स जेवलिन सभी अंडर-14 खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य रहेगा।
पहले प्रयागराज, फिर देहरादून में दिखाएंगे दम
ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 23 से 25 अगस्त तक प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होने वाली 61वीं यूपी स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 14 से 16 सितंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।