कालभैरव का दर्शन कर मंदिर से बाहर निकले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गली में स्थित बटुक सरदार की चाय की दुकान पर रुक गए। दोनों ने कुल्हड़ में चाय की चुस्की के साथ दुकानदार बटुक सरदार से बात भी की। उन्होंने पूछा यह चाय कैसे बनी है और फिर पूछा कि रोज कितनी चाय बिक जाती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।
चाय समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूछा कि यह कुल्हड़ कहां डालना है? मुख्यमंत्री इस दौरान डस्टबिन खोजने लगे। इस पर दक्षिणी विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने उन्हें चाय की दुकान के पास रखे डस्टबिन की जानकारी दी।इसके बाद सभी ने कुल्हड़ को डस्टबिन में डाला।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने काशी प्रवास के दौरान सांसद मनोज तिवारी की मां ललिता देवी से मुलाकात की। अपनी मां से भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात की फोटो सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि मां ने पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। काशी में मां के पास था। मां को पता चला कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आए हैं तो उन्होंने उनसे मिलने की इच्छा जताई। अध्यक्ष जी ने मां से मिल कर बड़ा सम्मान दिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलाया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से निकाय चुनाव की तैयारियों का फीडबैक लिया। इसमें उन्होंने बूथ कमेटी को सक्रिय कर हर मुहल्ले में माहौल बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताई जाएं। जिन वार्डों में पिछली बार सफलता नहीं मिल पाई थी, वहां जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़े और वे ज्यादा से ज्यादा लोगों से संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि वाराणसी में महापौर पद पर जीत का अंतर बढ़ाने के साथ ही सभी 100 वार्ड पर विजय का लक्ष्य रखा जाए।